नई दिल्ली। महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस के हंगामे के दौरान पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी पूरी तरह से सक्रिय दिखीं। उन्होंने इस दौरान अपनी पार्टी के सदस्यों को न सिर्फ अपने तेवर कड़े रखने के निर्देश दिए, बल्कि पार्टी सदस्यों के साथ मार्शलों के दुर्व्यवहार को भी मुद्दा बनाया और इस मामले पर लोकसभा अध्यक्ष से मिलकर नाखुशी भी जताई।
मार्शलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
खास बात यह है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जब लोकसभा अध्यक्ष से मिलकर अपना विरोध दर्ज करा रही थीं, उस समय उनके साथ लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी भी मौजूद थे। उन्होंने भी इस दौरान पार्टी की महिला सदस्यों के साथ बदसलूकी का मुद्दा उठाया और मार्शलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस बीच, सोनिया गांधी के नेतृत्व में सदन के बाहर संसद भवन परिसर में भी पार्टी सदस्यों ने प्रदर्शन किया।
लोकसभा में कांग्रेस सांसदों के खिलाफ मार्शल का प्रयोग
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस पूरे मामले को लेकर उस समय सक्रिय हुई, जब लोकसभा में महाराष्ट्र के मुद्दे पर हंगामा कर रहे पार्टी सदस्यों के खिलाफ मार्शल का प्रयोग किया गया। इस दौरान पार्टी सदस्यों के साथ मार्शलों की धक्का मुक्की भी हुई।
सोनिया ने महाराष्ट्र मुद्दे को सदन में पूरी ताकत के साथ उठाने के दिए निर्देश
पार्टी नेताओं के मुताबिक इसके बाद सोनिया गांधी ने पार्टी सदस्यों की सदन के भीतर ही तुरंत एक बैठक की। इसमें सदस्यों से महाराष्ट्र के मुद्दे को पूरी ताकत के साथ उठाने के निर्देश भी दिए। राज्यसभा में भी पार्टी ने ऐसा ही जोरदार हंगामा किया।
कांग्रेस सांसद आज आंबेडकर प्रतिमा के सामने देंगे धरना
पार्टी सूत्रों की मानें तो सोनिया गांधी के निर्देश पर इस मामले पर लंबे विरोध की भी तैयारी की गई है। इसके तहत मंगलवार को पार्टी सदस्यों के साथ संसद भवन परिसर में स्थित आंबेडकर प्रतिमा के सामने धरना दिया जाएगा। हालांकि सोमवार की सुबह भी कांग्रेस सदस्यों ने गांधी प्रतिमा के आगे प्रदर्शन किया।
Posted By: Bhupendra Singh